
ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24
दरभंगा–नेहरा सहायक थाना क्षेत्र के पैठान कबई गांव में गुरुवार की सुबह पानी में एक लाश उपलते देख लोगो ने शोर मचाया। इसकी जानकारी स्थानीय थाना को दी गई। थाना ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राप्त सूचना अनुसार घटना गत बीते रात की है। मृतक की पहचान बहेड़ा थाना क्षेत्र के अमैठी गांव निवासी मो. अयूब के 28 वर्षीय पुत्र मो. समसुल के रूप में हुई है। मृतक सकरी से अपने घर आ रहा था। घटना की जानकारी लोगों को गुरुवार की सुबह मिली। युवक की पहचान होने पर उसके परिजनों को इसकी खबर दी गई। मृतक के पिता मो. अयूब का कहना है कि रात में घर नहीं पहुंचने पर अपने रिश्तेदारों के यहां फोन से उसकी खबर ली गई लेकिन कहीं उसका पता नहीं चला।

गुरुवार की सुबह ये खबर पाकर परिवार में कोहराम मच गया। घटना के संबंध में जानकारी के अनुसार सकरी से गांव के निकला समसूल पैठान कबई गांव के पास नहर पर बनी पुलिया पर संतुलन बिगड़ने से वह मोटरसाइकिल सहित नहर में गिर गया होगा। जानकारी के अनुसार पुलिया के निकट नहर की खाई दस फीट से अधिक है तथा उसमें लगभग तीन फीट पानी भरा हुआ है। बताया जाता है कि पुलिया की चौड़ाई कम रहने एवं पुलिया में दोनों तरफ रेलिंग टूटे रहने के कारण वह सीधे गहरे पानी में गिर गया। ऐसा समझा जाता है कि गिरने के दौरान अधिक चोट लगने से वह बेहोश हो गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सकरी से पैठान कबई गांव होते हुए बेनीपुर प्रखंड क्षेत्र को जाने वाली यह सड़क नहर के पास टेढ़ा मेढ़ा है और पुलिया भी टेढ़ा बना हुआ है। जिससे अक्सर घटनाएं होती रहती हैं।